शिक्षा विभाग की पदोन्नति पर उठे सवाल, प्रमोशन किसी पद पर, वेतन भुगतान किसी और मद से, DPI को शिकायत

बिलासपुर 8 सितम्बर2026। जिला शिक्षा विभाग में चार साल पुराना पदोन्नति मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। वर्ष 2021 में सहायक ग्रेड-03 से सहायक ग्रेड-02 बनाए गए 30 कर्मचारियों को लेकर शिक्षक संजय कुमार पाण्डेय ने लोक शिक्षण संचालनालय में शिकायत की है। शिकायत में पदोन्नति की प्रक्रिया के साथ-साथ इन कर्मचारियों को वेतन देने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बजट मद पर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि 17 जून 2021 को हुई पदोन्नति में वरिष्ठता और योग्यता के साथ आरक्षण रोस्टर से जुड़े प्रावधानों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया है कि विभागीय पदोन्नति समिति के नियमों से हटकर कुछ कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया।
ग्रंथपाल मद से वेतन भुगतान का दावा
मामले में सबसे अहम सवाल वेतन भुगतान को लेकर है। शिकायत के मुताबिक पदोन्नत कर्मचारियों का वेतन उनके पद के निर्धारित बजट से नहीं, बल्कि ग्रंथपाल संवर्ग के रिक्त पदों के लिए स्वीकृत बजट से निकाले जाने का दावा किया गया है।
शिकायतकर्ता ने इसकी वित्तीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि लंबे समय से इसी तरीके से भुगतान हुआ है तो शासन को हुए आर्थिक नुकसान का आकलन भी जरूरी है। उन्होंने जिम्मेदारी तय होने पर संबंधित अधिकारियों से राशि की वसूली की मांग की है।
पहले जांच हो चुकी तो फिर क्यों उठा मामला?
इस प्रकरण में एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि पदोन्नति से जुड़े मामले की DPI स्तर पर पहले भी विभागीय जांच कराए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद अब फिर शिकायत किए जाने से पुरानी जांच की रिपोर्ट और उसमें सामने आए तथ्यों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब DPI की ओर से शिकायत पर क्या कार्रवाई होती है और पुराने जांच रिकॉर्ड के आधार पर मामले को किस तरह देखा जाता है, इस पर नजर रहेगी। पदोन्नति और वेतन भुगतान में अनियमितता के आरोप जांच के बाद ही प्रमाणित हो सकेंगे।
सम्बंधित खबरें

CG: ससुर को बताया पिता, बनवा लिया आधार कार्ड; एक आरोपी से खुला 23...
3 hours पहले
रायपुर में 10 साल बाद संपत्तियों का सर्वे, आवासीय मकान में कारोबार मिला तो...
3 hours पहले
CG JOB: छत्तीसगढ़ में पटवारी के 200 पदों पर होगी सीधी भर्ती, 26 जिलों...
3 hours पहले




















