बिग ब्रेकिंग

मौसम ब्रेकिंग: फिर जारी हुई तेज़ बारिश की चेतावनी, कल से फिर बदलेगा देश के कई हिस्सों में मौसम

 

बिहार 21 अक्टूबर 2021।बिहार से लेकर उत्तराखंड समेत देश के कई हिस्सों में अभी बारिश का मौसम है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 22 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक फिर से बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान व्यक्त किया है। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को कहा कि देश भर से दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 अक्तूबर तक विदा हो जाएगा। इससे उत्तर-पूर्वी मानसून के आने का रास्ता प्रशस्त हो जाएगा।

उत्तर-पश्चिम भारत से देर से विदा होने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब भी देश के कुछ हिस्सों में सक्रिय है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी वर्तमान में कोहिमा, सिलचर, कृष्णानगर, बरीपदा, मलकानगिरी, नलगोंडा, बगलकोट और वेंगुर्ला से होती है। आईएमडी ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के शेष हिस्सों, बंगाल की समूची उत्तरी खाड़ी, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के शेष हिस्सों, मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों, गोवा, कर्नाटक के कुछ हिस्से और मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्से में 23 अक्तूबर के आसपास से दक्षिण-पश्चिम मानसून के और पीछे हटने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं।

मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत पर निचले क्षोभमंडल (पृथ्वी के वायुमंडल का सबसे निचला स्तर) स्तरों में उत्तर-पूर्वी हवाओं के आने की संभावना के साथ, दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 अक्तूबर के आसपास पूरे देश से चले जाने की संभावना है। साथ ही उत्तर-पूर्वी मानसून की बारिश की भी लगभग 26 अक्तूबर से दक्षिण-पूर्व प्रायद्वीपीय भारत में शुरू होने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी मानसून तमिलनाडु, केरल के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और पुडुचेरी में बारिश लाता है।

Back to top button