हेडलाइन

…जब CM ने पूछा, 8 साल में एनीकेट कैसे क्षतिग्रस्त हुआ ?….दिसंबर तक सड़क रिपेयर खत्म करे, अधिकारियों को दिए ये निर्देश..

राजनांदगांव 12 नवंबर 2022। भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र में मौजूद है। इस दौरान डोंगरगांव रेस्ट हाउस में अधिकारियों की विभागवार समीक्षा बैठक ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने इस दौरान अधिकारियों से पूछा कि 8 साल में ही एनिकट कैसे ध्वस्त हो गया? उन्होंने इस मामले में तत्काल अधिकारियों को मुआवजा देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला का दायरा कम होने का लाभ आम जनता को मिले। योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को मिले। चुनौती अभी धान खरीदी, तौल, और ट्रांसपोटेशन है। बारदाने की व्यवस्था देख लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केंद्र में जाम न लगे, कोदो कुटकी रागी पर भी फोकस रहे। बैठक में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों से सड़कों की स्थिति की जानकारी ली और तेजी से निर्माण कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिला अब छोटा हो गया है। आपका वर्कलोड घटा है। इसका फायदा आम जनता को मिलना चाहिए। सबसे बड़ी चुनौती धान खरीदी है। 1 करोड़ मीट्रिक टन से ऊपर धान खरीदी की संभावना है। बारदाने पर्याप्त रहें। उठाव नियमित हो। कोदो कुटकी की खरीदी होती रहे। समय पर भुगतान हो।

सड़कों की स्थिति पर उन्होंने पीडब्लूडी के अधिकारियों से पूछा। कहा दिसंबर तक सड़कों का रिपेयर समाप्त करें। नल जल योजना की स्थिति उन्होंने जानी। अधिकारी ने बताया कि गुणवत्ता के लिए फैक्ट्री और पीएचई लैब दोनों में टेस्ट कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी भुगतान लंबित नहीं रहना चाहिए।

दर्री एनीकट के मुआवजा के बारे में उन्होंने पूछा। अधिकारी ने बताया कि इसके लिए प्रस्ताव बन गया है।
मुख्यमंत्री ने पूछा कि 8 साल में एनीकट कैसे क्षतिग्रस्त हुआ।
मुआवजा शीघ्र दें।

आबकारी अधिकारी से अवैध शराब पर कार्रवाई के बारे में पूछा। अधिकारी ने बताया कि 500 से अधिक प्रकरण पर कार्रवाई हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाहर से आने वाले शराब पर पूरी नजर रखें। पुलिस भी ध्यान दे।

उन्होंने कहा कि जिले सट्टा-जुआ, अवैध शराब बिक्री की शिकायतें आ रही है इस पर अंकुश लगाइये। पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र से अवैध शराब आने की शिकायतें आती रहती हैं, इस पर रोक लगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बैठक में अधिकारियों से लाल बहादुर नगर में पट्टे के बारे में पूछा।

स्वसहायता समूह के लंबित ऋण प्रकरणों के बारे में पूछा। कितने ऋण दिए इसकी जानकारी मांगी। अधिकारियों ने बताया कि 2160 प्रकरण सेंक्शन हुए हैं। मुख्यमंत्री ने लो वोल्टेज की समस्या की जानकारी ली। अधिकारी ने बताया कि अभी स्थिति ठीक है। अमलीडीह में क्षमता वृद्धि कर दी गई है। तकनीकी उपाय किये गए हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लो वोल्टेज की समस्या नहीं होनी चाहिए। भारतमाला के बारे में एसडीएम से जानकारी ली। झिटिया में शराब दुकान हटाने की मांग आई, मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझसे लोगों ने कहा है इसे हटाएं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध प्लाटिंग बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।पैरादान सबसे ज्यादा जरूरी है। कुछ जगहों पर लोग पैरा जला रहे हैं। हमें यह बताना होगा कि लोग इसे दान करें। मैं हिमाचल गया। दिल्ली के आसपास मैंने देखा कि बहुत पराली जल रही है। हमारे यहां यह नहीं होना चाहिए।

Back to top button