टॉप स्टोरीज़

गरमी ने 121 साल का रिकार्ड तोड़ा: छत्तीसगढ़ में लू चलने का अलर्ट, तापमान 45 के करीब पहुंचेगा… एक सप्ताह बाद मिल सकती है राहत

रायपुर/नयी दिल्ली 2 अप्रैल 2022। देश भर में इस बार तबाही की गरमी पड़ रही है। आलम ये है कि गरमी ने 121 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड में गरमी में 121 साल के रिकार्ड को तोड़ दिया है। कई राज्यों में तो लू से आमलोग हलाकान है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भीषण गरमी की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार, भारत ने 121 वर्षों में इस साल औसतन मार्च महीने में अपने सबसे गर्म दिनों को दर्ज किया है, जिसमें देश भर में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.86 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. यह रिकॉर्ड तोड़ आंकड़ा उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में बड़े अंतर से प्रेरित था.

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, भारत में इस साल औसतन मार्च महीने में अपने सबसे गर्म दिनों को दर्ज किया है. आंकड़ों के मुताबिक, 1901 के बाद से मार्च महीना सबसे गर्म रिकॉर्ड हुआ है. मार्च 2022 में देश का औसतन अधिकतम तापमान 33.01 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि इससे पहले मार्च 2010 में औसतन तापमान 33.09 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था. 

मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में लू, गर्म हवा थोड़ा और परेशान कर सकती है। मगर हवा की दिशा में आ रही तब्दीली की वजह से 7 अप्रैल के आते-आते तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट महसूस की जा सकेगी।

मौसम विभाग ने खासतौर पर रायपुर और बिलासपुर संभाग को लेकर चेताया है। कहा गया है कि इन हिस्सों में ग्रीष्म लहर यानी की लू चलेगी। आने वाले 2 दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम सूखा ही रहेगा। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को लेकर कहा गया है कि यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान 42 और 24 डिग्री के आसपास रहेगा।प्रदेश में हवा की दिशा में परिवर्तन होने जा रहा है, इसकी वजह से प्रदेश में अधिकतम तापमान कुछ खास नहीं बदलेगा। आने वाले चार-पांच दिनों में 2 से 3 डिग्री के तापमान में गिरावट होने की आशंका जताई जा रही है।

Back to top button