बिग ब्रेकिंगहेडलाइन

“मैंने चंदन यादव को 7 लाख रुपये दिये थे” पूर्व विधायक विनय जायसवाल के आरोप पर पार्टी में मचा हड़कंप, बोले- होटल में दिये थे….

रायपुर 9 दिसंबर 2023। छत्तीसगढ़ में हार के बाद कांग्रेस के भीतर घमासान मचा हुआ है। पार्टी के नेता आपस में ही भिड़े हुए हैं। टीएस सिंहदेव, अमरजीत भगत, जयसिंह अग्रवाल, बृहस्पत सिंह के बाद अब विनय जायवाल के बयान ने पार्टी के अंदर हड़कंप मचा दिया है। मनेंद्रगढ़ के पूर्व विधायक डॉ विनय जायसवाल ने प्रदेश सह प्रभारी चंदन यादव पर गंभीर आरोप लगाये हैं। विनय जायसवाल ने आरोप लगाया है कि सह प्रभारी चंदन यादव ने उनसे 7 लाख रुपये लिये थे।

हालांकि ये पैसे किस मकसद से लिये गये, इसे लेकर कोई स्पष्ट तौर पर बातें नहीं बतायी गयी, लेकिन विनय जायसवाल ने दावा किया है है कि एक होटल में चंदन यादव से उनकी मुलाकात हुई थी, जिसमें उन्होंने 7 लाख रुपये दिये थे। विनय जायसवाल ने पैसे दिये जाने के सबूत की भी बात कही है। विनय जायसवाल ने कहा है कि इन्ही सब वजहों से पार्टी की हार हुई है। हालांकि उन्होंने कहा कि अगर उनके दिये पैसे का पार्टी फंड में इस्तेमाल हुआ है, तो उन्हें कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन पैसा उन्होंने निजी तौर पर लिये हैं।

आपको बता दें कि विनय जायसवाल को इस बार पार्टी ने टिकट नहीं दिया था। जिन 22 लोगों की टिकट काटी गयी थी, उसमें एक नाम विनय जायसवाल का भी है।

कल बृहस्पत सिंह और जय सिंह अग्रवाल ने भी लगाये थे गंभीर आरोप

कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह ने तो पूरी पार्टी और नेतृत्व को ही सवालों में खड़ा कर दियाहै। बृहस्पत सिंह ने टीएस सिंहदेव पर बड़ा हमला करते हुए कहा है कि सिंहदेव की वजह से ही प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है।बृहस्पत सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का घमंड सर चढ़कर बोल रहा था। सिंहदेव सीएम होते तो कांग्रेस की 14 सीट भी नहीं आती। BJP को लाने का श्रेय TS सिंहदेव को जाता है। BJP TS सिंहदेव को राज्यपाल बनाए। बृहस्पत यही नहीं रूके, उन्होंने यहां तक कह दिया कि सिंहदेव को तो भाजपा को कहीं का राज्यपाल बनाना चाहिये। रायपुर में पत्रकारों से बात करते हुए बृहस्पत सिंह ने कहा कि सिंहदेव ने जिस तरह से मंचों पर प्रधानमंत्री के पक्ष में तारीफ कर रहे थे, उससे भाजपा को बहुत फायदा हुआ। उन्होंने कहा कि सिंहदेव की नाकामी की वजह से सरगुजा की सभी 14 सीटों पर पार्टी को हार झेलनी पड़ी है। बृहस्पत सिंह ने सिंहदेव के साथ-साथ PCC प्रभारी कुमारी सैलजा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुमारी सैलजा प्रभावशील नेताओं के हाथों बिक गई थीं। TS सिंहदेव को हीरो की तरह प्रमोट कर रही थी। वो सरगुजा के दौरे पर आयी, तो सिंहदेव गाड़ी चला रहे थे और कुमारी सैलजा फोटो खींचा रही थी। उन्होंने पीसीसी की प्रभारी को तुरंत ही हटाने की मांग की है।

Back to top button