बिग ब्रेकिंगहेडलाइन

पटवारियों की हड़ताल रहेगी जारी, सचिव स्तर की दूसरे दौर की वार्ता भी हुई विफल

रायपुर 14 जून 2023। पटवारियों की हड़ताल जारी रहेगी। आज हुई दूसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा रही। इससे पहले आज राजस्व सचिव ने हड़ताली पटवारी संगठन को वार्ता के लिए बुलाया था, लेकिन वार्ता सफल नहीं रही। जिसके बाद पटवारियों ने अपनी हड़ताल को जारी रखने का फैसला लिया है। आपको बता दें कि 15 मई से ही छत्तीसगढ़ के राजस्व विभाग के पटवारी हड़ताल पर है।

इससे पहले सोमवार को भी राजस्व विभाग के सचिव नीलम एन एक्का के साथ राजस्व पटवारी संघ की वार्ता हुई थी, लेकिन उस वार्ता का कोई नतीजा नहीं निकला था। आज दूसरे दौर की वार्ता हुई। करीब एक घंटे से ज्यादा वक्त तक चली बातचीत में किसी भी मांग पर सहमति नहीं बन पायी, जिसके बाद पटवारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में हड़ताल को जारी रखने का ऐलान किया।  वही अब पटवारियों का हड़ताल आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।

आपको बता दें कि 15 मई से चल रही पटवारियों की हड़ताल को लेकर पिछले दिनों सरकार ने सख्ती दिखायी थी. कई जगहों पर पंडाल भी उखाड़ दिये गये थे, वहीं राज्य सरकार ने राजस्व के काम को अनिवार्य सेवा बताते हुए एस्मा भी लगा दिया था, बावजूद हड़ताली पटवारियों ने हड़ताल अपना जारी रखा है। पिछले दिनों कबीरधाम में पटवारियों के धरना स्थल पर लगा पंडाल प्रशासन ने उखड़वा दिया। इसके अलावा उनके घरों के बाहर नोटिस चस्पा कर काम पर लौटने को कहा गया है। राजनांदगांव में भी पटवारियों को नोटिस दिया गया है। राज्य सरकार ने सात जून को एस्मा लगा दिया है। यह तीन महीने तक प्रभावी रहेगा। ऐसे में यदि पटवारी हड़ताल से नहीं लौटे तो पर उनकी गिरफ्तारी भी की जा सकती है। रायपुर समेत प्रदेश के तमाम जिलों में पटवारियों की हड़ताल जारी है।

ये है पटवारियों की मांगें

  • पटवारियों की पहली मांग में वेतन विसंगति को दूर कर वेतन में बढ़ोत्तरी करने।
  • संसाधन और भत्ता दिया जाए।
  • स्टेश्ननरी भत्ता दिया जाए।
  • मुख्यालय निवास की बाध्यता समाप्त करने और बिना विभागीय जांच के एफआइआर दर्ज नहीं करने की मांग शामिल है।
  • वरिष्ठता के आधार पर प्रमोशन देना।
  • अतिरिक्त हल्के के प्रभार का भत्ता।
  • पटवारी भर्ती के लिए योग्यता स्नातक करने।
  • राजस्व निरीक्षक के कुल पदों में 50 प्रतिशत पर पटवारियों के वरिष्ठता के आधार पर और 50 प्रतिशत पदों पर विभागीय परीक्षा के आधार पर प्रमोशन दिया जाए।
  • दूसरी मांग में पांच वर्ष पूर्ण कर चुके पटवारियों को राजस्व निरीक्षक का प्रशिक्षण दिलाया जाए।

Back to top button