हेडलाइन

प्रियंका गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, बोली- मोदी जी भूखे किसानों की संपत्ति अरबपति अडानी को दे रहे हैं

बालोद 8 नवंबर 2023। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी छत्तीसगढ़ में जमकर चुनाव प्रचार कर रही है। वो लगातार चुनावी सभाएं ले रही है। इस दौरान मंच से वो केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला कर रही है। मंगलवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिये छत्तीसगढ़ पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बालोद में जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने कांग्रेस की गारंटियों को दोहराते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की सरकारें बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिये बन रही हैं और उन्हीं के लिये चल रही हैं। भाजपा की सरकारें गरीब किसानों की संपत्ति को उद्योगपतियों को सौंप रही हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि देश का गरीब किसान भूखा है, वो एक दिन में महज 27 रुपये ही कमा पाता है। सरकार ऐसे किसानों को समृद्ध बनाने के बजाए एक दिन में 1600 करोड़ रुपये कमाने वाले अडानी को और अमीर बना रही है। वो भूखे किसानों की संपत्ति 1600 करोड़ रुपये प्रति दिन कमाने वाले अडानी को दे रही है।प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के पास किसानों के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन अपने लिए हवाई जहाज खरीदने और संसद के सौंदर्यीकरण के लिए पैसे हैं।

उद्योगपतियों के कर्ज माफ़ करने के लिए पैसे हैं। भाजपा सिर्फ उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। मोदी सरकार द्वारा देश की सरकारी कंपनियां कौडि़यों के दाम बड़े-बड़े उद्योपतियों को बेची जा रही हैं। देश महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहा है। मोदी सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी लाकर दुकानों और छोटे उद्योगों को खत्म कर दिया। मोदी सरकार ने रोजगार के सभी साधन खत्म कर दिए। अग्निवीर योजना से युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया। पीएम कहते हैं मैं ओबीसी से हूं लेकिन हम जातीय जनगणना की बात करते हैं तो भाजपा नेता बौखला जाते हैं।

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की गांरटी दोहरायी

प्रियंका गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने किसान, आदिवासी, दलित, पिछड़े, गरीब और मध्यम वर्ग की सरकार चलाई है और जनता का हाथ मजबूत किया है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस जबरदस्त अंतर से जीतने जा रही है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने पर 20 क्विंटल एकड़ धान खरीदी की जाएगी। धान पर एमएसपी 3,200 रु प्रति क्विंटल मिलेगा। किसानों का कर्ज माफ होगा। केजी से पीजी तक शिक्षा मुफ्त मिलेगी। सभी सरकारी स्कूल आत्मानंद स्कूलों में अपग्रेड होंगे। तेंदूपत्ता प्रति बोरा दाम 6,000 रू दिया जाएगा। तेंदूपत्ता पर 4,000 रु सालाना बोनस मिलेगा। भूमिहीन मजदूरों को 10 हजार रू दिए जाएंगे। 200 यूनिट फ्री बिजली मिलेगी। प्रति सिलेंडर रिफिल पर 500 रु की सब्सिडी दी जाएगी। 17.50 लाख गरीब परिवारों को आवास मिलेगा। लघु वन उपज पर एमएसपी 10 रु. अतिरिक्त दी जाएगी। 10 लाख रु तक मुफ्त इलाज मिलेगा। सड़क हादसों, आकस्मिक घटनाओं में मुफ्त इलाज होगा। तिवरा फसल की एमएसपी की खरीद होगी। 700 इंडस्ट्रियल पार्क बनाए जाएंगे। महिला स्व-सहायता समूहों, सक्षम योजनाओं के कर्ज माफ होंगे। जाति जनगणना कराई जाएगी। युवाओं को उद्योग हेतु 50 प्रतिशत सब्सिडी पर सीधा ऋण मिलेगा। अंतिम संस्कार में आवश्यक सामग्री (लकड़ी-कंडा) सरकार देगी।

Back to top button