ब्यूरोक्रेट्स

कलेक्टर लिस्ट में दीपक सोनी, जितेंद्र शुक्ला की पोस्टिंग ने चौकाया…. गौरव व डोमन सिंह की शार्ट टर्म में हो गयी विदाई….प्रियंका मुख्य धारा में लौटी, चर्चाओं में चल रहे कई नाम आखिर वक्त में बदले…

रायपुर 28 जून 2022। NW न्यूज ने आज ही खबर दी थी कि IAS अफसरों का ट्रांसफर जल्द। इस खबर के कुछ देर बाद ही IAS अफसरों की लंबी चौड़ी लिस्ट जारी हुई है। हालांकि ये पूरी टीम चुनाव टिकेगी इस बात की गुंजाईश तो नहीं है, लेकिन कुछ नाम जरूर इलेक्शन टीम का हिस्सा होंगे। इस लिस्ट में कई ऐसे नाम हैं जिनकी पोस्टिंग ने सभी को चौकाया हैं। दीपक सोनी का दंतेवाड़ा जैसे जिले से कोंडागांव आना, जितेंद्र शुक्ला का जांजगीर जैसे बड़े जिले से बेमेतरा जाना, गौरव सिंह का दो महीने बाद ही मुंगेली से बालोद जाना, थोड़ा हैरान कर रहा है। प्रदेश के 28 जिलों में से 19 जिलों के कलेक्टर बदले गये हैं। दुर्ग संभाग के तो सभी जिले दुर्ग, बालोद, कवर्धा, बेमेतरा और राजनांदगांव के कलेक्टर बदले गये हैं।  

सर्वेश्वर भूरे रायपुर के कलेक्टर बने हैं, दुर्ग जैसे VVIP जिले में शानदार काम का उन्हें इनाम मिला है। वहीं कुंदन कुमार को भी जबरदस्त प्रमोशन मिला है। पहली ही पारी में कुंदन कुमार ने जैसा काम किया, उसकी बदौलत उन्हें अपनी दूसरी पारी में ही सरगुजा जैसा बड़ा जिला मिला है। पुष्पेंद्र मीणा को भी अच्छा जिला मिला है। 2012 बैच के पुष्पेंद्र मीणा अपने दूसरे ही जिलें में VVIP जिला दुर्ग की कमान संभालेंगे। जशपुर के बाद से अपने दूसरे जिले का इंतजार कर रही प्रियंका शुक्ला को भी अच्छी खबर मिली है। चार साल के इंतजार के बाद प्रियंका को कांकेर की कमान मिली है। हालांकि वापसी के बाद उन्हें इंतजार किसी बड़े जिले का होगा।

कोरबा कलेक्टर रानू साहू को बेहतरीन काम का इनाम मिला है, उन्हें कोरबा जैसे बड़े जिले के बाद अब रायगढ़ जैसे इंपोर्टेंट जिले की कमान दी गयी है। कल रात तक रजत बंसल का नाम रायपुर के लिए पक्का कहा जा रहा था, लेकिन आखिरकार लिस्ट जब आयी तो वो रायपुर के पडोसी जिला बलौदाबाजार पहुंचे, जबकि सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे को रायपुर की जिम्मेदारी मिली। रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार के बारे में पहले से ही अटकलें थी कि वो बिलासपुर जा रहे हैं, उम्मीद के अनुरूप वो बिलासपुर पहुंचे हैं।

डोमन सिंह एक बार फिर पोस्टिंग के बारे में लकी रहे हैं, उन्हें बलौदाबाजार से राजनांदगांव भेजा गया है। सिर्फ पांच महीने ही उन्होंने बलौदाबाजार की कलेक्टरी की, हालांकि पोस्टिंग के लिहाज से राजनांदगांव भी अच्छा जिला है। जितेंद्र शुक्ला ने जांजगीर में अच्छा काम किया था, लिहाजा ये कयास थे कि उन्हें बड़ा जिला मिल सकता है, लेकिन उन्हें बेमेतरा जिला मिला है। कांकेर से चंदन कुमार को बस्तर जैसे बडे जिले की जिम्मेदारी मिली है। विनित को अच्छा जंप मिला है। जिले के लिहाज से तो दंतेवाड़ा छोटा है, लेकिन सैकड़ों करोड़ के DMF फंड वाला दंतेवाड़ा जिला मिला है। राजनांदगांव से तारन प्रकाश सिन्हा जांजगीर गये हैं, उनकी भी पोस्टिंग अच्छी है।

Back to top button