हेडलाइन

CG VIDEO- कचरा डम्पिंग यार्ड के दुर्गंध से परेशान लोगों ने जब महापौर और निगम के अफसर को ही यार्ड में कैद कर गेट पर जड़ दिया ताला, कहां जरा आप भी इस बदबू को….

 

कोरबा 12 मार्च 2022 । कोरबा नगर निगम के अफसरों की मनमानी और वार्ड के लोगों की परेशानियों को नजर अंदाज करना आज उस वक्त महापौर को भारी पड़ गया, जब वार्ड की समस्या जानने पहुंचे महापौर और निगम के अफसरो को वार्ड वासियों ने कचरा यार्ड में ही कैद कर मेन गेट पर बाहर से ताला जड़ दिया गया। कचरे के बदबू से परेशान वार्ड वासियों की नाराजगी के सामने महापौर के साथ ही निगम के अफसर बैक फूट में नजर आये, और काफी मशक्कत और आश्वासनों के बाद मामला शांत हो सका।

गौरतलब है कि कोरबा नगर निगम के पंप हाउस 15 ब्लॉक इलाके में नगर निगम ने कचरा डम्पिंग यार्ड बना रखा है। यहां शहर भर का कचरा डंप होता है। लेकिन यही कचरा डम्पिंग यार्ड यहां के रहवासियों के लिए अब मुसिबत का सबब बन गया है। डम्पिंग यार्ड से उठने वाली गंदी दुर्गंध से यहां के लोग खासे हलाकान है। बताया जा रहा है कि वार्ड के गुस्साए लोगों ने शनिवार को कचरा संग्रहण केंद्र के बाहर पहुंच कर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी शुरू कर दी थी। चेहरे पर कपड़ा बांधे बड़ी संख्या में महिला और पुरुष संग्रहण के बाहर पहुंचे और केंद्र के बाहर ही धरने पर बैठ गए।

इधर जब इस मामले की जानकारी वार्ड पार्षद और महापौर राजकिशोर प्रसाद को हुई, तो वह मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे महापौर राजकिशोर प्रसाद गुस्सायें लोगों को समझा पाते उससे पहले ही उन्हे लोगों के गुस्सा का शिकार होना पड़ गया। गुस्सायें लोगों ने महापौर और निगम के अधिकारियों को कचरा संग्रहण केंद्र के अंदर की वस्तुस्थिति और परेशानी को दिखाने अंदर ले गये। तभी कुछ युवको ने कचरा डम्पिंग यार्ड के मेन गेट पर बाहर से ताला जड़ दिया गया। कचरा डम्पिंग यार्ड की दुर्गंध से होने वाली परेशानी का अहसास दिलाने के लिए वार्ड के लोगों ने महापौर और निगम के अफसरों से मौके से उठने वाली असहनीय दुर्गध के बीच रहने की बात कह दी।

मौके की नजाकत को देखते हुए महापौर राजकिशोर प्रसाद ने तत्काल निगम आयुक्त को मोबाईल पर कॉल कर मौके पर बुलवाने की कोशिश की, लेकिन आयुक्त के जिले से बाहर होने के कारण वो वहां नही आ सके। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस विवाद के बाद महापौर ने निगम के अफसरों को कल से ही यार्ड से कचरा शिफट करने का निर्देश देने के साथ ही अब भविष्य में उक्त स्थान पर कचरा संग्रहण नही करने का आश्वासन आम लोगों को दिया गया। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने डम्पिंग यार्ड का गेट खोलकर महापौर और निगम के अधिकारियों को बाहर जाने दिया।इस पूरे घटनाक्रम के बाद भी स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि यदि समय रहते उनकी इस गंभीर समस्या का निराकरण नही किया जाता है, तो वे आगे और बड़ा प्रदर्शन करेंगे।

 

 

Back to top button