हेडलाइन

भावी मंत्रियों को करना होगा इंतजार: राज्यपाल जा रहे हैं दिल्ली, अब लौटने के बाद ही होगा शपथ ग्रहण, आज मंत्रियों का भी होना था शपथ, लेकिन…

रायपुर 13 दिसंबर 2023। छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार के लिए अभी और इंतजार करना होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बातचीत में ये संकेत दिये हैं। हालांकि मंत्रिमंडल विस्तार पर इंतजार की एक और वजह ये भी है कि राज्यपाल अभी दिल्ली दौरे पर जा रहे हैं। वो शाम कि फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हो गये। 16 दिसंबर तक उनका दिल्ली प्रवास है। लिहाजा उनके लौटने के बाद भी मंत्रिमंडल विस्तार की उम्मीद है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली में राज्यपाल राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व गृहमंत्री से मुलाकात कर सकते हैं। खबर ये भी है कि इस बीच मुख्यमंत्री भी दिल्ली जा सकते हैं, जहां मंत्रियों के नामों पर राय शुमारी होगी।

साय कैबिनेट के मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह 16 दिसंबर को हो सकता है। हालांकि 16 दिसंबर की शाम 4 बजे से खरमास लग रहा है,जो कि 14 जनवरी तक रहेगा। खरमास में कोई भी शुभ काम नही किये जाते है। ऐसे में छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री मंडल का विस्तार खरमास में होना लगभग असंभव है। अब उम्मींद जतायी जा रही है कि 16 दिसंबर की शाम से शुरू हो रहे खरमास से ठीक पहले मंत्री मंडल का शपथ ग्रहण पूरा हो सकता है। इसे देखते हुए बीजेपी नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी है।

राजभवन सचिवालय के अनुसार, राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन आज बुधवार रात दिल्ली जा रहे है। वे 16 दिसंबर की सुबह करीब 11 बजे लौटेंगे। हालांकि खबर ये भी है कि मंत्रियों की भी शपथ ग्रहण की तैयारी थी,लेकिन लिस्ट दिल्ली के आलाकमान को स्वीकार नहीं था। लिहाजा राजभवन में भेजी गयी लिस्ट को रोकना पड़ा और आनना-फानन में मंत्रियों का शपथग्रहण टालना पड़ा। रायपुर आये प्रधानमंत्री व गृहमंत्री के साथ-साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा से भी मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा हुई है, जिसके बाद कहा जा रहा है कि अब नयी लिस्ट आलाकमान की तरफ से मुख्यमंत्री को दी गयी है। उसी लिस्ट के आधार पर शपथ ग्रहण कराया जायेगा।

Back to top button