हेडलाइनपॉलिटिकल

CG- “महिला पार्षदों के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष का रवैया गलत था” महिला महापौर का कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष पर सनसनीखेज आरोप

जगदलपुर 28 मार्च 2024। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई महापौर सफीरा साहू ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं पर गंभीर आरोप लगाये हैं। महापौर सफीरा साहू ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं का सम्मान नहीं करती है। सफीरा ने प्रदेश अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि उनसे फैसला लेने में देरी हो गयी, अगर वो भाजपा में पहले शामिल होती, तो ये ज्यादा अच्छा होता।

विष्णुदेव सरकार की कार्यशैली की तारीफ करते हुए सफीरा ने कहा कि जब से प्रदेश में विष्णुदेव साय की सरकार बनी है, महिलाओं का सम्मान भी बढ़ा और उन्हें उनका हक भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि

कांग्रेस को परिवार मानकर हमलोग इतने दिनों तक काम कर रहे थे। लेकिन कांग्रेस की जो रीति-नीति है, वो महिलाओं के लिए न्यायप्रद नहीं है। अगर महिलाओं की बात करें, तो जो हमारी पार्षद बहने हैं, उनके लिए प्रदेश अध्यक्ष का जो रवैया था, जिलाध्यक्ष का जो रवैया था, वो गलत था।

भाजपा सरकार की तारीफ करते हुए सफीरा साहू ने कहा कि

जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार आयी है, कई कार्यक्रमों को मैंने खुद एटेंड किया है, वहां मैने देखा है, एक-एक कार्यकर्ता का जिस तरह से सम्मान हो रहा है, एक-एक महिलाओं का जिस तरह से सम्मान हो रहा है। इसलिए मुझे लग रहा है कि सही जगह भारतीय जनता पार्टी में ही है। और ये निर्णय लेने में मैने काफी देर कर दी, मुझे काफी पहले ये निर्णय ले लेना चाहिये था।

Back to top button