हेडलाइन

सीधी भर्ती पदस्थापना से पहले हो शिक्षक एलबी से व्याख्याता पद पर पदोन्नत्ति, शालेय शिक्षक संघ की मांग

रायपुर 4 जुलाई 2023। व्याख्याता पद पर हुये सीधी भर्ती की पदस्थापना हेतु काउंसलिंग के आदेश से प्रदेश का शिक्षक LB सँवर्ग व्यथित है। शालेय शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र दुबे ने कहा कि जितनी तत्परता विभाग सीधी भर्ती और उसके पदस्थापना को लेकर लगा रहा है,काश इतनी तत्परता शिक्षक से व्याख्याता के पदोन्नत्ति हेतु भी लगाया होता तो अभी तक प्रदेश के हजारों शिक्षक पदोन्नत होकर व्याख्याता बन चुके होते। शिक्षक की वरिष्ठता सूची कब की जारी हो चुकी है किंतु अभी तक पदोन्नत्ति प्रक्रिया पूर्ण नही की जा रही है। सीधी भर्ती पदस्थापना से पहले पदोन्नत्ति की प्रक्रिया पूर्ण कर हमारे शिक्षक LB सँवर्ग के साथियो को व्याख्याता में पदोन्नत किया जाना चाहिए ताकि उनको पदस्थापना हेतु उचित जगह मिल सके।

प्रांतीय महासचिव धर्मेश शर्मा एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी जितेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में मिडिल प्रधानपाठक,प्राथमिक प्रधान पाठक तथा सहायक शिक्षक से शिक्षक पद पर पदोन्नत्ति प्रकिया पूर्ण हो चुकी है। कई जगह पर बचे हुए पदों को लेकर इन पदों के लिए पुनः नई पदोन्नत्ति दी जा चुकी है किंतु इसी समय से राज्य मुख्यालय द्वारा व्याख्याता पदोन्नत्ति हेतु शिक्षको की वरिष्ठता सूची जारी किए बहुत समय हो गया है उसके बावजूद आगे की प्रक्रिया पूर्ण न करना निराशाजनक है। सीधी भर्ती पदस्थापना से पहले पदोन्नत्ति दी जानी चाहिए।

Back to top button