टॉप स्टोरीज़

बेटी को पिटाई से बचाया तो पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट….

मसूरी 12 अक्टूबर 2022 : मसूरी थाना क्षेत्र के मसूरी कस्बे में बेटी की पिटाई का विरोध करने पर पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर संयुक्त जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपित पति मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। देर रात तक मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलते के साथ ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

मूलरूप से देवबंद का रहने वाला शादाब पिछले काफी समय से मसूरी क्षेत्र में परिवार के साथ रहता है और एक मीट फैक्ट्री में काम करता है। परिवार में दो बेटे, पांच साल की बेटी शबा और पत्नी शबाना थे। पिछले कई दिनों से शबाना की बहन मुस्कान घर पर रहने के लिए आई हुई थी। वह पड़ोस के मकान में ही रहती है।

मुस्कान ने बताया बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे सभी लोग खाना खा रहे थे। इस दौरान शादाब ने शबा से लेटने के लिए चादर लाने के लिए कहा। शबा ने खेल-खेल में सुना नहीं तो शादाब ने उसकी पिटाई कर दी। शबाना उसे बचाने आई और पिटाई का विरोध किया। इस पर शादाब का शबाना से विवाद हो गया। विवाद बढ़ा और शादाब ने पास में रखे चाकू से छाती, कमर, पेट और पैर पर वार कर दिया। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से संयुक्त जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मसूरी थाना प्रभारी रविंद्र चंद पंत का कहना है कि आरोपित पति फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

Back to top button