क्राइम

एक युवक को चार लड़कों ने बेरहमी से पीट- पीट कर कर दिया अधमरा…

उत्तर प्रदेश 22 सितम्बर 2023|उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिला के लोनी बॉर्डर इलाके में बाइक सवार चार लड़कों ने सड़क पर खड़े युवक को बेरहमी से पीटा। उस पर डंडे और ईंट-पत्थर बरसाए। वो अधमरा होकर सड़क पर पड़ा रहा और आरोपी उसको पीटते रहे। ये पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। 

डंडे-ईंटों से किया ताबड़तोड़ हमला 

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक सड़क पर कुछ युवकों के साथ खड़ा है, तभी दो बाइक पर सवार चार लड़के आते हैं और उस पर हमला कर देते हैं। इस दौरान आरोपी डंडे और ईंटों से ताबड़तोड़ हमला करते हैं। आरोपी भद्दी-भद्दी गालियां भी दे रहे हैं। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो जाते हैं। घटना लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के उत्तरांचल कॉलोनी की बताई जा रही है। पीड़ित प्रिंस ने 3-4 लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। 

बाइक से उतरते शुरू की मारपीट 

पीड़ित प्रिंस के मुताबिक, 21 सितंबर की रात वो बाजार से घर पर जा रहा था। रास्ते में उत्तरांचल कॉलोनी में एक-दो युवक मिल गए। वो उनसे बातचीत करने के लिए खड़ा हो गया, तभी दो बाइकों पर चार लड़के आए। उनके हाथ में डंडे थे। बाइक से उतरते ही आरोपियों ने प्रिंस से मारपीट शुरू कर दी। वो जमीन पर गिर गया। बराबर में ही ईंटों का ढेर लगा हुआ था। एक आरोपी ने डंडे से पीटा और दूसरा आरोपी ईंट उठाकर मारता रहा। प्रिंस मरणासन्न हालत में वहां पड़ा रहा और आरोपी भाग निकले। पुलिस ने बताया कि प्रिंस को नजदीकि अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे की वजह पीड़ित ने नहीं बताई है। पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भेजा गया है।

Back to top button