टॉप स्टोरीज़

कलेक्टर की क्लास में मास्टर साहब फेल : 441 को 4 से भाग नहीं दे सकी महिला प्रधान पाठक….नाराज कलेक्टर ने रोका इंक्रीमेंट, पद से भी हटाया

बालाघाट 27 अगस्त 2022। मध्य प्रदेश के बालाघाट में जिला मजिस्ट्रेट (DM) डॉ गिरीश कुमार मिश्रा ने बिरसा विकासखंड के अंतर्गत सरकारी प्राइमरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इंस्पेक्शन के दौरान बच्चों का ज्ञान परखने के लिए गणित का सवाल हल करने के लिए दिया। जब बच्चे यह सवाल हल नहीं कर पाए तो उन्होंने क्लास टीचर सोना धुर्वे को सवाल हल करने के लिए दिया लेकिन टीचर खुद इस सवाल को हल नहीं कर पाई। यह साधारण सा भाग का सवाल था जिसमें 441 को 4 से भाग करने के लिए कहा गया था।

कलेक्टर ने हेड मास्टर सोना धुर्वे की सफाई सुनकर उनको ही सवाल हल करने के लिए कहा। कुछ देर के बाद मैडम ने सवाल तो हल किया, लेकिन उत्तर गलत आया। कलेक्टर ने दोबारा सवाल को हल करने के लिए कहा। इस बार भी सही जवाब नहीं आया। कलेक्टर ने हेड मास्टर से पूछा, भाग करने के बाद कैसे पता करेंगे कि यह सही है या नहीं। तो मैडम कुछ जवाब नहीं दे सकीं। इस पर कलेक्टर ने जमकर फटकार लगाई। उनकी एक वेतनवृद्धि रोकने और उन्हें हेड मास्टर के प्रभार से हटाने के निर्देश दिए हैं।

बता दें, बिरसा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले शासकीय प्राथमिक शाला मोहगांव में अभी 98 बच्चे दर्ज हैं। इन्हें पढ़ाने के लिए यहां चार शिक्षक पदस्थ हैं। बच्चों के पढ़ाई को स्तर को देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।

कलेक्टर ने सीएम राइस स्कूल मलाजखंड की प्राथमिक कक्षाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बोर्ड पर 6024 लिखकर उसमें 5 का भाग देने कहा। बच्चों ने बताया कि वे इतनी बड़ी संख्या में भाग नहीं दे पाएंगे। इस पर टीचर दिनेश्वरी रहांगडाले को इस सवाल को हल करके बच्चों को समझाने को कहा गया। लेकिन वे भी इस सवाल को हल करने में गलती कर गई। इस स्थिति को देखकर कलेक्टर ने टीचर दिनेश्वरी रहांगडाले को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

Back to top button