क्राइम

CG- 2 साल के मासूम को जहर देकर पिता ने खुद भी पिया, बेटे की हुई मौत, पत्नी के मायके से नही लौटने से था परेशान, पति की हालत गंभीर

सूरजपुर 25 मार्च 2022 । सूरजपुर में एक शख्स ने पारिवारिक कलह के कारण अपने 2 साल के बेटे को कीटनाशक पिलाने के बाद खुद भी उसका सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की है। इस घटना में मासूम बच्चें की जहां मौत हो गयी, वही उसके पिता की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक की पत्नी अपने मायके से वापस नही लौट रही थी, जिससे परेशान होकर युवक ने शराब के नशे में इस घटना को अंजाम दिया है।

पूरा घटनाक्रम सूरजपुर के भटगांव थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि यहां धरमपुर निवासी देवलाल नामक शख्स ने 3 साल पहले ग्राम राई में रहने वाली सविता देवांगन से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक चला, लेकिन बाद में सविता के चरित्र पर देवलाल ने संदेह करना शुरू कर दिया। इसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा। जिसके चलते कई बार मामला पुलिस तक भी पहुंचा। करीब एक साल पहले सविता अपने मायके चली गई।

इस बीच महिला सहायता केंद्र में दोनों का मामला पहुंचा, वहां पुलिस अधिकारियों द्वारा काउंसलिंग भी किया गया। जिसके बाद करीब 4 महीना पहले पहले सविता को समझाकर घर लौटने के लिए कहा गया। इसके बाद देवलाल उसे लेने कई बार ससुराल भी गया, लेकिन सविता पति के साथ उसके घर लौटने को तैयार नहीं हुई। देवलाल को उम्मींद थी कि होली में सविता वापस घर लौट आएगी, लेकिन जब वह नहीं आई तो नशे की हालत में वह घर पहुंचा और अपने 2 साल के बेटे अंश को कीटनाशक जहर देकर खुद भी पी लिया।

इस घटना की जानकारी होते ही परिजन दोनों को भटगांव अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां मासूम अंश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि देवलाल की हालत गंभीर है। सविता के पिता रामकिशन ने आरोप लगाया है कि देवलाल अक्सर नशे की हालत में घर लौटता और उनकी बेटी से विवाद करता था। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Back to top button