हेल्थ / लाइफस्टाइल

सर्दियों में बढ़ जाता है बीपी तो रोज करें ये 3 योगासन , दिल को हेल्दी रखने में मिलेगी मदद…

दिल्ली 16 दिसंबर 2023|सर्दियों में हाई बीपी या हाइपरटेंशन की समस्या काफी बढ़ जाती है। दरअसल, सर्दियों में ठंड बढ़ने के कारण हमारी रक्त धमनियां संकुचित होने लगती हैं। ऐसे में, रक्त प्रवाह को बनाए रखने के लिए अधिक फोर्स की आवश्यकता पड़ती है। इसकी वजह से ब्लड प्रेशर बढ़ने लगता है। इसके अलावा, सर्दियों में खानपान में बदलाव, वजन बढ़ना और फिजिकल एक्टिविटी कम होने के कारण भी हाई बीपी की समस्या हो सकती है। अगर हाई बीपी को कंट्रोल न किया जाए, तो हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। हेल्दी डाइट और नियमित व्यायाम के जरिए हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। अगर आप सर्दियों में हाई बीपी की समस्या से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो अपनी दिनचर्या में कुछ योगासनों को शामिल कर सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे योगासन बता रहे हैं, जिनसे सर्दियों में आपका ब्लड प्रेशर कंट्रोल में रहेगा।

भुजंगासन

1.इस आसन को करने के लिए सबसे पहले जमीन पर पेट के बल लेट जाएं।

2.अपनी कोहनियों को कमर से सटा कर रखें और हथेलियां ऊपर की ओर रखें।

3.अब धीरे-धीरे सांस भरते हुए, अपनी छाती को ऊपर की ओर उठाएं।

4.उसके बाद अपने पेट को धीरे-धीरे ऊपर उठा लें।

5.इस स्थिति में 30-50 सेकंड तक रहें।

6.अब सांस छोड़ते हुए, अपने सिर को धीरे-धीरे जमीन की ओर नीचे लाएं।

7.इस प्रक्रिया को 3-5 बार दोहराएं।

सेतुबंधासन
1.इस आसन को करने के लिए सबसे पहले जमीन पर पीठ के बल लेट जाएं।

2.अब अपने घुटनों को मोड़ें और तलवों को जमीन पर रखें।

3.अपने दोनों हाथों से पैरों की एड़ियों को पकड़ें।

4.सांस लेते हुए धीरे-धीरे अपनी बॉडी को ऊपर उठाएं।

5.इस मुद्रा में 1-2 मिनट तक रहें।

6.इसके बाद सांस छोड़ते हुए प्रारंभिक मुद्रा में आ जाएं।

7.इस प्रक्रिया को 3-5 बार दोहराएं।

बालासन
1.इस योगासन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर घुटनों के बल बैठ जाएं।

2.अपने शरीर का सारा भार एड़ियों पर डाल दें।

3.अब गहरी सांस भरते हुए आगे की ओर झुकें। ध्यान रहे कि आपका सीना जांघों से छूना चाहिए।

4.फिर अपने माथे से फर्श को छूने की कोशिश करें।

5.कुछ सेकंड तक इस स्थिति में रहने के बाद वापस सामान्य अवस्था में आ जाएं।

6.आप इस प्रक्रिया को 3-5 बार कर सकते हैं।

Back to top button